Patna: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुखिया और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी पत्नी व विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने एक बड़ा कदम उठाया है। दोनों नेताओं ने अपने सरकारी आवास पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस लौटा दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, लालू और राबड़ी देवी ने खुद सुरक्षा में लगे जवानों को तुरंत आवास छोड़ने का हुक्म दिया, जिसके बाद देखते ही देखते पूरा दस्ता वहां से हट गया। इस अचानक बदले घटनाक्रम के बाद लालू यादव के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह खत्म हो गई है और पूरे परिसर में सन्नाटा पसर गया है। राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी इस पूरे मामले की पुष्टि कर दी है।

असल में, राज्य सरकार द्वारा सुरक्षा में की गई कटौती के विरोध में यह कड़ा कदम उठाया गया है। लालू परिवार के इस फैसले के बाद वहां तैनात जवान अपने-अपने बैरक में लौट गए हैं। यहां तक कि बंगले के मुख्य एंट्री गेट से भी पहरा हटा लिया गया है। जिस मुख्य द्वार पर हमेशा सुरक्षाकर्मियों की भारी चहल-पहल दिखती थी, वहां अब एक भी जवान मौजूद नहीं है।

सुरक्षा समीक्षा के बाद लिया गया था फैसला

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही राज्य सरकार ने कई वीआईपी नेताओं की सुरक्षा की नए सिरे से समीक्षा की थी। इसी मूल्यांकन के आधार पर लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा में बदलाव करते हुए जवानों की संख्या कम की गई थी। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।

Read more: मनी लॉन्ड्रिंग केस में आया नया मोड़, लालू यादव पर आरोप तय होने में देरी!

नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव को पूर्व मुख्यमंत्री के नाते मिलने वाली तय सुरक्षा सुविधाएं जैसे- हाउस गार्ड, बॉडीगार्ड, पायलट गाड़ी, एस्कॉर्ट और बुलेटप्रूफ गाड़ी दी गई थीं। वहीं राबड़ी देवी को भी महिला-पुरुष अंगरक्षक, पायलट-एस्कॉर्ट गाड़ी और बुलेटप्रूफ कार की सुविधा मिली हुई थी। मगर पहले के मुकाबले जवानों की तादाद घटाए जाने से नाराज होकर लालू परिवार ने पूरी सुरक्षा ही वापस भेज दी।

Share.
Exit mobile version