Koderma News: कोडरमा घाटी के नौवां माइल इलाके में शनिवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी। रिफाइंड तेल से भरा एक ट्रक पटना की ओर जा रहा था, तभी सामने से आई गैस टैंकर को बचाने के चक्कर में चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। पलटते ही उसमें रखे रिफाइंड तेल के कार्टून सड़क पर बिखर गए।

गैस टैंकर भी फिसली, लेकिन बड़ा हादसा टला

हादसे के दौरान गैस टैंकर का चालक भी अपना संतुलन नहीं संभाल सका और गाड़ी लेकर सड़क किनारे खाई में फंस गया। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के ड्राइवर और खलासी पूरी तरह सुरक्षित बच गए। राहत की बात यह भी रही कि गैस टैंकर में किसी तरह का रिसाव नहीं हुआ, इसलिए स्थिति और गंभीर नहीं बनी।

स्थानीय लोग पहुंचे और शुरू हुई लूटपाट

घटना के बाद कुछ देर तक पुलिस नहीं पहुंची। इस बीच आसपास के ग्रामीणों को जैसे ही ट्रक पलटने और रिफाइंड तेल के कार्टून सड़क पर बिखरने की खबर लगी, लोग घरों से बर्तन, झोले और बोरे लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। ट्रक चालक बार-बार रोकने की कोशिश करता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी। कुछ ही मिनटों में सड़क पर बिखरा आधे से ज्यादा सामान गायब हो गया।

कई लोग लूट के दौरान घायल, एक महिला अस्पताल में भर्ती

लूटपाट के दौरान धक्का-मुक्की में कई लोग घायल भी हो गए। इनमें से 40 वर्षीय लक्ष्मी मसोमात सबसे ज्यादा घायल हुईं, जिन्हें पुलिस ने तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया। उनका इलाज जारी है। पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी और गश्ती दल के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए। कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि पुलिस टीम को तुरंत घाटी भेजा गया था और घटना की जांच की जा रही है।

Share.
Exit mobile version