Ranchi : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक निरंतरता और संस्थागत मजबूती को ध्यान में रखते हुए एक अहम निर्णय लिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार झारखंड बिजली संचार निगम लिमिटेड (JUSNL), रांची के प्रबंध निदेशक कमलेंद्र कान्त वर्मा को सेवा विस्तार प्रदान किया गया है।
अधिसूचना के तहत पूर्व में जारी आदेशों में संशोधन करते हुए श्री वर्मा की नियुक्ति अवधि को अब “चार वर्ष” के स्थान पर “पांच वर्ष” के लिए स्वीकृत किया गया है। इसके अनुसार वे 31 दिसंबर 2026 तक अथवा अगले आदेश या उनके पदस्थापन होने तक, जो भी पहले हो, अपने पद पर कार्यरत रहेंगे।
सरकार के इस निर्णय से निगम में चल रही परियोजनाओं को गति मिलने और प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही पूर्व में जारी संबंधित अधिसूचनाओं की अन्य शर्तें यथावत रखी गई हैं।



