Khunti News: झारखंड के खूंटी जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र दहशत में है। रविवार की देर रात लगभग 2:00 बजे, जंगली हाथियों के झुंड ने रनिया थाना क्षेत्र के डिगरी डाहू टोली गांव में 60 वर्षीय मरियम कोंगाड़ी को कुचलकर मार डाला। यह बेहद दर्दनाक है कि मरियम कोंगाड़ी झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के प्रखंड उपाध्यक्ष और पड़हा राजा पुजार कोनगाड़ी की पत्नी थीं।

जानकारी के मुताबिक, हाथियों का झुंड गांव के खलिहानों में रखा धान खाने पहुँचा था। आवाज सुनकर मरियम कोंगाड़ी बाहर निकलीं, जिस दौरान हाथियों ने उन पर हमला कर दिया। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। यह उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही हाथियों ने बोगतेल गांव में कृष्णा सिंह को भी कुचल कर मार डाला था।

स्कूल और खेतों में उत्पात

सिर्फ जान का नुकसान ही नहीं, हाथियों का झुंड बड़े पैमाने पर फसलों और सरकारी संपत्ति को भी नष्ट कर रहा है। गत रविवार की रात को ही कर्रा प्रखंड की बकसपुर पंचायत के लापा गांव गारी स्थित हाई स्कूल की चारदीवारी को भी हाथियों ने तोड़ दिया। स्कूल परिसर में घुसकर हाथियों ने मध्याह्न भोजन के लिए रखे चावल और आलू खा लिए तथा काफी मात्रा में अनाज को नष्ट कर दिया।

बकासुर पंचायत की मुखिया पूनम बारला ने बताया कि 14 जंगली हाथियों का झुंड कई दिनों से इलाके में आतंक मचा रहा है। यह झुंड खेतों में रखे धान और रनिया प्रखंड की जयपुर पंचायत के गड़ाहातू गांव में किसान बीरेन्द्र साहू की फूलगोभी की फसल को भी रौंदकर नष्ट कर चुका है।

ग्रामीण रातभर पहरा देने को मजबूर हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से ठोस पहल न होने पर आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाने और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेजने की मांग की है।

Share.
Exit mobile version