Khunti News: मोंथा चक्रवात के असर से खूंटी जिले में मंगलवार शाम से शुरू हुई लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम वर्षा ने धान, मडुआ, मक्का समेत तमाम फसलों को नुकसान पहुंचाया है। खेतों में पानी भर जाने से कई जगह फसलें गिर गईं और कटाई के लिए तैयार धान भी भीगकर खराब होने की कगार पर है।

खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद

स्थानीय किसान ज़करियास टोपनो ने बताया कि पिछले दो हफ्तों से मौसम अनुकूल था और फसलें पककर तैयार थीं। लेकिन अब लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। उन्होंने कहा कि अगर बारिश दो–तीन दिन और जारी रही, तो खासकर ‘गोडा धान’ की पूरी पैदावार खराब हो सकती है।

सब्जी किसानों को भी भारी नुकसान

केवल धान ही नहीं, बल्कि टमाटर, फूलगोभी, मिर्च और अन्य हरी सब्जियों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। आत्मा (एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एजेंसी) के उपनिदेशक अमरेश कुमार ने बताया कि सब्जी उत्पादकों को बड़े आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने सरकार से मांगी मदद

कृषकों ने सरकार से तत्काल राहत और फसल बीमा दावों को तेजी से निपटाने की मांग की है। उनका कहना है कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण खेती अब जोखिम भरा काम बनता जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र, खूंटी के अनुसार, अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ने की संभावना है।

Share.
Exit mobile version