Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे गांव को डरा दिया। बुंडू पंचायत के बघुताबर टोला निवासी 35 वर्षीय रुपलाल करमाली अपने घर में थे, तभी लगभग आधी रात अपराधी छत के सहारे उनके घर में घुस आए। घरवालों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और बदमाशों ने रुपलाल पर लगातार पांच गोलियां दाग दीं। गोलियों की आवाज से पूरा घर चीख-पुकार से भर गया, लेकिन रुपलाल की जान नहीं बच सकी।
गांव में मातम, पुलिस जांच में जुटी
रुपलाल करमाली गांव में मंडा पूजा के भगत पूजारी के रूप में जाने जाते थे। उनकी अचानक हुई हत्या से लोग सदमे में हैं। घटना की खबर मिलते ही केरेडारी थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घर से लेकर आसपास तक हर पहलू की छानबीन की, लेकिन फिलहाल हत्या के पीछे वजह क्या है, यह साफ नहीं हो पाया है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। पुलिस इसे योजनाबद्ध हमला मान रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। गांव वाले भी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि आखिर किसकी दुश्मनी इतनी बढ़ गई कि रुपलाल को घर में घुसकर मार दिया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।



