Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित जेपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम अचानक भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मैच देखने के लिए अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में पहुंचे दर्शकों के कारण स्टेडियम के बाहर और प्रवेश द्वारों पर भारी भीड़ जमा हो गई। हालात तब बिगड़ गए जब वेस्ट गेट से प्रवेश के दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Read more: रांची में क्रिकेट fever, JSCA स्टेडियम पर टिकट के लिए रातभर लगी कतारें
JSCA स्टेडियम में झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) के फाइनल टी-20 मैच के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही मैंने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सक्रिय कर दिया है।
सिविल सर्जन एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। एंबुलेंस मौके पर पहुंच चुकी है और सभी घायलों को…
— Dr. Irfan Ansari (@IrfanAnsariMLA) June 23, 2026
घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मामले का संज्ञान लिया और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सक्रिय होने का निर्देश दिया। मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है तथा रांची के सिविल सर्जन सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
Read more: JSCA स्टेडियम बना सुरक्षा किला, पुलिस ने मैदान संभाला मैच से पहले
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी घायल को इलाज में परेशानी न हो, इसके लिए आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है। घटना स्थल पर तत्काल एंबुलेंस भेजी गई और घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। साथ ही शहर के प्रमुख अस्पतालों को भी हाई अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
Read more: IND vs SA रांची वनडे : JSCA स्टेडियम में हाई अलर्ट सुरक्षा, 5000 जवानों की तैनाती
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और भीड़ नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है। घटना के बाद स्टेडियम प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
