फॉण्ट कनवर्टर NEW

JSCA स्टेडियम में JPL फाइनल के दौरान भगदड़, स्वास्थ्य मंत्री ने संभाला मोर्चा

Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित जेपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम अचानक भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मैच देखने के लिए अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में पहुंचे दर्शकों के कारण स्टेडियम के बाहर और

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi: रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित जेपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम अचानक भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मैच देखने के लिए अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में पहुंचे दर्शकों के कारण स्टेडियम के बाहर और प्रवेश द्वारों पर भारी भीड़ जमा हो गई। हालात तब बिगड़ गए जब वेस्ट गेट से प्रवेश के दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Read more: रांची में क्रिकेट fever, JSCA स्टेडियम पर टिकट के लिए रातभर लगी कतारें

घटना में कई दर्शकों के घायल होने की सूचना है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फाइनल मुकाबले का रोमांच देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। भगदड़ के बाद कुछ नाराज लोगों ने प्रवेश द्वार पर तोड़फोड़ भी की।

घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मामले का संज्ञान लिया और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सक्रिय होने का निर्देश दिया। मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है तथा रांची के सिविल सर्जन सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

Read more: JSCA स्टेडियम बना सुरक्षा किला, पुलिस ने मैदान संभाला मैच से पहले

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी घायल को इलाज में परेशानी न हो, इसके लिए आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है। घटना स्थल पर तत्काल एंबुलेंस भेजी गई और घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। साथ ही शहर के प्रमुख अस्पतालों को भी हाई अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की विशेष टीमों की तैनाती कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि घायल दर्शकों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Read more: IND vs SA रांची वनडे : JSCA स्टेडियम में हाई अलर्ट सुरक्षा, 5000 जवानों की तैनाती

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और भीड़ नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है। घटना के बाद स्टेडियम प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन पर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram