Ranchi : लगातार हो रही भारी बारिश ने रांची और आसपास के क्षेत्रों के जलप्रपातों को खतरनाक बना दिया है। जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता और रिमिक्स फॉल्स सहित अन्य सभी झरनों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया है और इनकी धाराएं पूरी रफ्तार से बह रही हैं। जहां एक ओर यह नजारा देखने में बेहद आकर्षक है, वहीं दूसरी ओर यह पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरे का कारण भी बन गया है।
जिला प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में जलप्रपातों के पास जाना अत्यंत जोखिम भरा है। तेज बहाव, फिसलन भरी चट्टानें और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा जानलेवा साबित हो सकता है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग फिलहाल इन इलाकों से दूर रहें और किसी भी स्थिति में अपनी जान को जोखिम में न डालें।
प्रशासन ने पर्यटकों और नागरिकों को निर्देश दिया है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और पुलिस व प्रशासन के सभी दिशानिर्देशों का पालन करें। साथ ही मौसम और जलप्रपातों से जुड़ी जानकारी के लिए समाचार और प्रशासनिक अपडेट पर नजर रखें।
किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी से आग्रह है कि प्रकृति का आनंद सिर्फ सुरक्षित दूरी से ही लिया जाए।



