K. Durga Rao.
सरायकेला: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का 51वां जन्मदिन सोमवार को राजनगर प्रखंड में झामुमो कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ मनाया। प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेंब्रम के नेतृत्व में बड़ा कुनाबेड़ा चौक पर आयोजित कार्यक्रम में केक काटा गया और लोगों के बीच लड्डू वितरित किए गए। बच्चों के बीच भी केक बांटा गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं और बच्चों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। झामुमो केंद्रीय सदस्य बिशु हेंब्रम ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में झारखंड की पहचान, संस्कृति और स्थानीय लोगों के हितों को मजबूती मिली है।
झामुमो नेता एवं शिक्षाविद प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड की माटी और यहां के लोगों से जुड़े नेता हैं। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार गरीबों, आदिवासियों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष भुक्तू मार्डी, दिलीप महतो, दुर्गा लाल मुर्मू समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




