Ranchi News: झारखंड में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश में अब कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अंदरूनी इलाकों से आगे बढ़ गया है। इसके चलते झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है।

कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना

हालांकि, विभाग ने शनिवार को रांची सहित मध्यवर्ती इलाकों में फिर से हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं रविवार को झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों, जैसे देवघर, दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि इन इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटे का रिपोर्ट कार्ड

पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ में 73.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं, रांची में 21.2 मिलीमीटर बारिश रेकॉर्ड हुई। शनिवार को सुबह से बादल छाए रहे और मध्यम हवा के कारण वातावरण में नमी बनी रही, जिससे ठंडक का एहसास होने लगा।

तापमान में हल्की गिरावट

राज्य में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को सबसे अधिक तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में अधिकतम तापमान 20.6, जमशेदपुर में 25.2, बोकारो में 28.1 और चाईबासा में 29.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।

आगे का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में राज्य के ज्यादा हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा। लेकिन, उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share.
Exit mobile version