Ranchi News: अक्टूबर मध्य में झारखंड का मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में 16 और 17 अक्टूबर से आंशिक बादल छाने की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार, जिन जिलों में बादल रहेंगे उनमें रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, धनबाद, कोडरमा, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार शामिल हैं। इन जिलों में मौसम हल्का बदला रहेगा, लेकिन वर्षा के आसार नहीं हैं।
18 को साफ आसमान, फिर बदलेगा मौसम
18 अक्टूबर को पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा। विभाग ने बताया कि इसके बाद 19 और 20 अक्टूबर को एक बार फिर कई हिस्सों में बादल छाने की संभावना है। हालांकि, इस अवधि में भी मौसम शुष्क रहेगा और कोई बड़ी बारिश नहीं होगी।
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों में अधिकतम या न्यूनतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना से इंकार किया है।
तापमान और मौजूदा स्थिति
पिछले 24 घंटों में झारखंड का सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लातेहार में 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को सुबह हल्की ठंड और दोपहर में धूप की तल्खी महसूस की गई।
रांची में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, जमशेदपुर में 33.8, डाल्टनगंज में 31.6, बोकारो में 32.1, और चाईबासा में 34 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि आने वाले दिनों में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम बनी रहेगी, जिससे सुबह और शाम में हल्की ठंड बढ़ सकती है।



