Ranchi: झारखंड छात्र आंदोलन के तहत जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने बुधवार को चौथे दिन जल ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि प्रख्यात इनोवेटर सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल पर बातचीत के बाद उनके आग्रह पर उन्होंने पानी पिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आमरण अनशन और सत्याग्रह आंदोलन पहले की तरह जारी रहेगा।
Read more: रांची में JPSC अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी, 6 ने छोड़ा अन्न
सोनम वांगचुक से हुई बातचीत
देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि सोनम वांगचुक ने आंदोलन को लेकर अपना समर्थन, मार्गदर्शन और हौसला दिया। उन्होंने वांगचुक से रांची आकर आंदोलनरत छात्रों का मनोबल बढ़ाने का भी आग्रह किया। उनके अनुसार, जल ग्रहण करने का फैसला केवल वांगचुक के अनुरोध पर लिया गया है और आंदोलन समाप्त नहीं किया गया है।
सीएम ने क्या कहा?
इससे पहले मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन ने पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी सरकार संवेदनशील है और छात्रों के साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट मिलने के बाद संवैधानिक दायरे में उचित निर्णय लिया जाएगा।
Read more: छात्र आंदोलन के 12वें दिन CM हेमंत सोरेन ने तोड़ी चुप्पी, कहा- जल्द होगा उचित निर्णय
छात्रों की क्या हैं मांगें?
छात्र पिछले 12 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच, ओएमआर शीट और मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं सार्वजनिक करने तथा भर्ती आयोगों में व्यापक सुधार शामिल हैं।
सीआईडी जांच और विधानसभा घेराव की चेतावनी
आंदोलनकारी छात्रों के एक गुट ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस बीच, कथित परीक्षा अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने राज्य के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज, ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी और अन्य सामग्री जब्त की है। इनकी जांच जारी है।
Read more: छात्र आंदोलन पर रघुवर दास का बड़ा हमला, CBI जांच और CM से तत्काल वार्ता की मांग
उधर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के कई नेताओं ने मामले की सीबीआई जांच कराने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने और छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।




