Ranchi News: झारखंड में मौसम ने अचानक सख्त रुख अपना लिया है। पूरे राज्य में भीषण शीतलहर का असर देखा जा रहा है। तेज पछुआ हवाओं के कारण ठंड में तेज इजाफा हुआ है और कई जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि झारखंड की ठंड की तुलना अब कश्मीर और शिमला जैसे इलाकों से की जा रही है।

गुमला सबसे ठंडा जिला

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खूंटी और लोहरदगा में पारा 3.7 डिग्री तक गिर गया, जबकि डाल्टनगंज में 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

येलो अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

हालात को देखते हुए रांची मौसम केंद्र ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार ठंड का असर अब सिर्फ सुबह और रात तक सीमित नहीं है, बल्कि दोपहर में भी कंपकंपी महसूस हो रही है।

जनजीवन पर गहरा असर

सरायकेला-खरसावां, पाकुड़ और लातेहार जैसे जिलों में भी तापमान करीब 6 डिग्री बना हुआ है। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिख रही है। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

अभी नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

इस खबर को भी पढ़ें : रांची में धूप रही बेअसर, तेज कनकनी हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

Share.
Exit mobile version