Jharkhand News:झारखंड के कई जिलों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 13 जुलाई को राज्य के छह जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके लिए येलो अलर्ट भी घोषित कर दिया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जिन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा और लोहरदगा शामिल हैं। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है।

राज्य के बाकी जिलों में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। बीते 24 घंटे में पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में सबसे ज्यादा 158.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं राजधानी रांची में 79.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

गौरतलब है कि 1 जून से 10 जुलाई तक झारखंड में अब तक 482.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि औसत 285.6 मिमी के मुकाबले लगभग 69 मिमी अधिक है। यह दर्शाता है कि इस बार मानसून ने झारखंड में अपनी पकड़ मजबूत बनाई है।

शुक्रवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन कुछ स्थानों पर जलजमाव जैसी समस्याएं भी सामने आईं।

राज्य में दर्ज तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 25.6°C, जमशेदपुर में 29.5°C, डालटेनगंज में 27.8°C, बोकारो में 28.1°C और चाईबासा में 28.8°C रिकॉर्ड किया गया है।

Share.
Exit mobile version