Ranchi : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर अपना शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि धर्मेंद्र के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने लिखा, “धर्मेंद्र ने अपने सहज स्वभाव और उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से करोड़ों लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उनका जाना भारतीय फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने शोकाकुल परिवार, प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया और उन्हें अंतिम जोहार अर्पित किया। उन्होंने लिखा, “भारतीय सिनेमा के महान कलाकार धर्मेंद्र का जाना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने सरल, प्रभावशाली और जीवंत अभिनय से पीढ़ियों को प्रभावित किया। उनका विनम्र व्यक्तित्व और प्रेरणादायक जीवन हमेशा याद रखा जाएगा।” मुख्यमंत्री ने दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धर्मेंद्र को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपने दमदार अभिनय और लोकप्रिय फिल्मों के माध्यम से भारतीय सिनेमा की पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उन्होंने कहा, “देश एक महान कलाकार और अद्भुत इंसान को खो चुका है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।” उन्होंने परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट की।

धर्मेंद्र का योगदान हिंदी फिल्म उद्योग में अमूल्य माना जाता है। “शोले”, “चुपके-चुपके”, “धरम वीर”, “सीता और गीता” जैसी कई फिल्में आज भी दर्शकों में उतनी ही लोकप्रिय हैं।

Share.
Exit mobile version