Ranchi : मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी–2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर झारखंड क्रिकेट टीम के कप्तान एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से सौंपते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खुशी साझा की।
मुख्यमंत्री ने इस गौरवपूर्ण जीत के लिए टीम के सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डोमेस्टिक क्रिकेट में सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट जीतना झारखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और पूरे राज्य को इस पर गर्व है। यह जीत राज्य के खेल इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करती है।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड आज केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि हॉकी, तीरंदाजी, फुटबॉल और अन्य खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। राज्य के खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसी सफलताएं राज्य में खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाती हैं।
मुख्यमंत्री ने जेएससीए की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव दिलाने के लिए विदेशों में खेलने और प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। अलग-अलग परिस्थितियों और माहौल में खेलने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में और अधिक निखार आता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली प्रतियोगिताओं में भी झारखंड की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी और इसके लिए टीम को और मजबूत बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज परंपरागत खेलों का दौर नए स्वरूप में लौट रहा है। कई पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रही हैं, जिससे खिलाड़ियों के लिए अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं। यदि कोई खिलाड़ी खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहता है, तो झारखंड में उसके लिए पर्याप्त संभावनाएं उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है, बल्कि नई खेल प्रतिभाएं भी सामने आती हैं, जो आगे चलकर राज्य और देश का नाम रोशन करती हैं। सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी एवं सपोर्ट स्टाफ उपस्थित थे।



