Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और उद्योगों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उद्योग जगत के समक्ष आ रही जमीनी चुनौतियों, प्रक्रियागत अड़चनों और उनके संभावित समाधान से अवगत कराया। इसमें निवेश, व्यवसाय संचालन की सुगमता और औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और स्पष्ट किया कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा उद्योग क्षेत्र झारखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और राज्य के आर्थिक सशक्तिकरण में “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार राज्य में व्यवसाय के वातावरण को अधिक सरल, पारदर्शी और निवेशकों के अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि नए निवेश आकर्षित हों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सके।

इस अवसर पर चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित कई वरीय पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version