Ranchi News: झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधानसभा परिसर में भाजपा, आजसू और लोजपा (रामविलास) के विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे विधायकों की प्रमुख मांगों में छात्रों को लंबित छात्रवृत्ति का अतिशीघ्र भुगतान और किसानों के लिए धान का समर्थन मूल्य ₹3200 प्रति क्विंटल करने की मांग शामिल थी। विपक्ष ने सरकार पर वादाखिलाफी और गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
किसान औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर
भाजपा विधायक नीरा यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि “सरकार ने किसानों से धान खरीद मूल्य बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन आज किसान औने-पौने दाम में अपनी फसल बेचने को मजबूर हैं।” उन्होंने आगे कहा कि “छात्र भी परेशान हैं, महीनों से छात्रवृत्ति की राशि लंबित है, मगर सरकार चुप है।”
इस खबर को भी पढ़ें : किसान और छात्र परेशान: 7 गारंटी पूरी करने में विफल रही हेमंत सरकार- NDA
वहीं, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने सरकार को पूरी तरह असफल बताया और कहा कि विपक्ष सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह किसान और छात्र के मुद्दे को मजबूती से उठाता रहेगा।



