Bokaro: चास मंडल कारा (जेल) में बंद जयंत सिंह अपहरण एवं हत्याकांड के चार आरोपियों को जल्द ही अलग-अलग जिलों की जेलों में शिफ्ट किया जाएगा। कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं, झारखंड के आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए इस स्थानांतरण का आदेश जारी कर दिया है। इसकी गोपनीय प्रतिवेदन की प्रति बोकारो उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भेज दी गई है।

किस आरोपी को कहां भेजा जाएगा? आदेश के अनुसार, जेलों का आवंटन इस प्रकार किया गया है:

  • बिनोद खोपड़ी: चाईबासा जेल

  • मुकेश राय: मधुपुर जेल

  • दीपक मोदी: घाटशिला जेल

  • अभिषेक कुमार पासवान उर्फ भोलू: सिमडेगा जेल

निर्देश दिया गया है कि शिफ्टिंग से पहले संबंधित न्यायालय से अनुमति ली जाए और स्थानांतरण के दौरान सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि रास्ते में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

क्या था पूरा मामला?

गौरतलब है कि पिछले साल 10 दिसंबर को हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 से जयंत सिंह का अपहरण कर लिया गया था। जयंत की पत्नी ने आरोपी बिनोद खोपड़ी के साथ हुए विवाद का एक ऑडियो क्लिप पुलिस को सौंपा था, जिसके आधार पर मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य आरोपी बिनोद को भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर ही 15 दिसंबर को गिरिडीह से जयंत का शव बरामद हुआ था, जिस पर चोट के गंभीर निशान थे। इस निर्मम हत्या के बाद से ही सभी आरोपी चास जेल में न्यायिक हिरासत में थे।

Share.
Exit mobile version