Jamtara News: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र स्थित ईदगाह मोड़ बुधवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां दो लोगों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा कि बात जान लेने पर आ गई। इस खूनी खेल में सबसे दुखद बात यह रही कि गोली एक ऐसे युवक को लगी, जिसका इस पूरे विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। घायल युवक की पहचान शमसुद्दीन अंसारी के पुत्र इरशाद अंसारी के रूप में हुई है।
जेसीबी संचालक और वाहन सवार के बीच था विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक जेसीबी मशीन संचालक और वाहन से आए एक अन्य व्यक्ति के बीच पैसों का बकाया था। शाम को दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और एक-दूसरे को देख लेने की धमकियां दी गईं। रात होते-होते दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए। बात गाली-गलौज से शुरू होकर अचानक गोलीबारी तक पहुंच गई।
मौके पर मौजूद इरशाद बना शिकार
जब दोनों पक्ष आपस में उलझ रहे थे, उसी समय इरशाद अंसारी वहां मौजूद था। अचानक चली गोली सीधे इरशाद को जा लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में इरशाद को लेकर मधुपुर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन घाव गहरा होने और हालत चिंताजनक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया है।
इलाके में दहशत, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद से ईदगाह मोड़ और आसपास के इलाकों में लोग सहमे हुए हैं और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस पर चिंता जता रहे हैं।



