Jamshedpur: लौहनगरी के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स गेट के पास सोमवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसका सिर पहिये के नीचे आ गया। हादसे के बाद मृतक की शिनाख्त बिहार निवासी मंटू यादव के रूप में हुई है, जो यहां साइजर इंटरप्राइजेज में बतौर खलासी काम कर अपनी रोजी-रोटी कमा रहा था।
सेकंडों में उजड़ गई जिंदगी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंजर बेहद खौफनाक था। मंटू यादव पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी काल बनकर आई एक गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंटू को संभलने का एक पल भी नसीब नहीं हुआ। वाहन का पहिया सिर के ऊपर से गुजर जाने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग भागते हुए वाहन को देख भी नहीं पाए।
सीसीटीवी के भरोसे पुलिस, परिजनों में मातम
सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब टाटा मोटर्स गेट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि उस ‘कातिल’ वाहन का नंबर और चालक का पता लगाया जा सके।
इस खबर को भी पढ़ें : जमशेदपुर में हिट एंड रन का कहर: अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौ’त
मंटू बिहार से सपनों की पोटली लेकर जमशेदपुर आया था, लेकिन किसे पता था कि यहाँ की सड़कों पर मौत उसे इस कदर घेर लेगी। हादसे की खबर मिलते ही उसके सहकर्मी और परिचित सन्न रह गए। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है; उनका कहना है कि इस रूट पर वाहनों की रफ़्तार पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है, वरना मासूम इसी तरह शिकार होते रहेंगे।



