Jamshedpur News: जमशेदपुर में शहर में 9 अक्टूबर की शाम कदमा थाना क्षेत्र में हुई 20 लाख की डकैती का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस कांड में शामिल पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से लूट का सामान और हथियार बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर जोन नंबर 3 के कुणाल सिंह मुंडा, जोन नंबर 6 के कृष्णा लोहार उर्फ पाड़ी, आदित्यपुर जनता फ्लैट निवासी सयोराज सिंह उर्फ जस्से, जुगसलाई मिल्लतनगर के फहीम आलम और गरीब नवाज कॉलोनी के मोहम्मद सद्दाम शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये सभी पुराने अपराधी हैं जिनके खिलाफ हत्या, चोरी और लूट जैसे कई मामले दर्ज हैं।

हथियार और लूट का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, सोने का ब्रेसलेट, टाइटन की घड़ी, नंबरविहीन ओक स्कूटी और एक टेंपो बरामद किया है। जांच में खुलासा हुआ कि इन अपराधियों ने मिलकर कदमा के रामनगर रोड नंबर 2 में स्थित दीपराज सिंह के घर में डकैती की योजना बनाई थी।

छापेमारी टीम को मिली सफलता

इस मामले के उद्भेदन के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई थी, जिसमें डीएसपी मनोज ठाकुर, डीएसपी सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा, आलोक दुबे, एसआई दीपक महतो और अन्य अधिकारी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उनसे अन्य अपराधों को लेकर पूछताछ जारी है। कदमा पुलिस की तत्पर कार्रवाई से शहर में राहत का माहौल है।

Share.
Exit mobile version