Jamshedpur News: शहर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार ने एक बार फिर खून बहा दिया। टेल्को कंपनी की बाउंड्रीवाल के भीतर, बिरसानगर जोन नंबर-6 के जंगल में रविवार को दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जुगसलाई निवासी सोहेल अहमद के रूप में हुई है। इस घटना में उसका साथी अब्दुल सूफियान गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ब्राउन शुगर के सौदे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी बीच विनीत नामक युवक ने सोहेल को बातचीत के बहाने जंगल में बुलाया। रविवार दोपहर करीब दो बजे सोहेल अपने दोस्त सूफियान के साथ बाइक से वहां पहुंचा। पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने पीछे से अचानक चापड़ से हमला कर दिया।
इस खबर को भी पढ़ें : नशे की गिरफ्त में घाघरा, स्कूलों तक पहुंचा ब्राउन शुगर का जहर
हमलावरों ने सोहेल पर ताबड़तोड़ वार किए और उसका गला रेत दिया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने उसकी एक हथेली भी काट दी। मौके पर ही सोहेल की मौत हो गई। अपने दोस्त को बचाने की कोशिश में सूफियान पर भी हमला किया गया, जिससे उसके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
किसी तरह जान बचाकर सूफियान टेल्को की बाउंड्रीवाल कूदकर मुख्य सड़क तक पहुंचा। वहां से उसने एक ऑटो पकड़ा और सीधे साकची थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस खबर को भी पढ़ें : टेल्को में चापड़ से हमला, युवक का शव झाड़ियों से मिलने से सनसनी
घायल सूफियान को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।



