Orai, (UP): उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एट थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां ग्राम पंचायत पचोखरा धाम में स्थित सुप्रसिद्ध प्राचीन राज मंदिर “नागा गद्दी” की बेशकीमती भूमि को लेकर ग्रामीणों और पुजारियों के बीच ठन गई है। मंगलवार को बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को ज्ञापन सौंपा और आरोप लगाया कि मंदिर की लगभग 39 एकड़ उपजाऊ भूमि पर दो पुजारियों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है और धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र है। पहले यहां परंपरा के अनुसार केवल एक ही पुजारी हुआ करता था, लेकिन वर्तमान में गोपाल दास (महंत श्रीराम जानकी मंदिर) और जीतू महंत (महंत श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर) के बीच जमीन का बंटवारा हो गया है। आरोप है कि पिछले 50 वर्षों से इस भूमि से होने वाली लाखों की आय को ये पुजारी मंदिर के विकास के बजाय अपने निजी ऐशो-आराम पर खर्च कर रहे हैं।

शिकायत में एक चौंकाने वाला दावा यह भी किया गया है कि मंदिर परिसर में जहां भगवान श्रीराम-जानकी विराजमान हैं, वहीं बगल की छत पर शौचालय का निर्माण करा दिया गया है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इसके अलावा, ग्रामीणों का कहना है कि जीतू महंत गृहस्थ होकर अपने परिवार के साथ मंदिर परिसर में रह रहे हैं, जबकि नागा गद्दी की परंपरा के अनुसार यहां महिलाओं या परिवार का रहना पूरी तरह वर्जित है। आरोप यह भी है कि इन गतिविधियों के कारण मंदिर की मूल संरचना और प्राचीन धूना व मठ का अस्तित्व संकट में है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि दोनों पुजारियों के दस्तावेजों की जांच कर उन्हें तत्काल हटाया जाए और ग्रामवासियों की सहमति से किसी योग्य व परंपराओं का पालन करने वाले पुजारी की नियुक्ति की जाए। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share.
Exit mobile version