Ranchi : एचईसी मजदूर संघ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के कार्यालय, सेक्टर–3, सीडी–241 में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष रविकांत ने की, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभागीय और व्यक्तिगत कार्य संबंधी समस्याओं को खुलकर रखा।
बैठक में संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया पीएसयू (सार्वजनिक उपक्रम) की तीन दिवसीय बैठक की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस बैठक में एचईसी (हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन) की वर्तमान गंभीर स्थिति से देश के शीर्ष केंद्रीय नेताओं और संबंधित मंत्रियों को अवगत कराया गया है। महामंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार एचईसी के भविष्य को लेकर गंभीर है और लगातार इसकी समीक्षा की जा रही है।
महामंत्री ने कर्मचारियों से अपील की कि सीमित संसाधनों के बावजूद उत्पादन बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करें, जिससे संस्था को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से सप्लाई विभाग के कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सप्लाई कर्मियों की मांगों को उच्च स्तर पर मजबूती से रखा जाएगा।
संघ अध्यक्ष रविकांत ने कहा कि संगठन को केंद्र सरकार की एचईसी से जुड़ी गतिविधियों पर निरंतर नजर रखनी चाहिए। उन्होंने बताया कि भारी उद्योग मंत्री और विभागीय सचिव के साथ संवाद बनाए रखते हुए एचईसी के पुनरुत्थान के लिए दबाव बनाना आवश्यक है। अंत में यह तय किया गया कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जल्द ही सीएमडी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा।



