World News: इजरायल और हमास के बीच हुआ युद्धविराम समझौता अब टूटता दिखाई दे रहा है। इजरायली लड़ाकू विमानों ने मंगलवार देर रात गाजा पट्टी पर बमबारी की, जिसमें करीब दो दर्जन लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। यह हमला दक्षिणी शहर राफा में इजरायली सैनिकों पर गोलीबारी की घटना के बाद हुआ।

नेतन्याहू ने दिए शक्तिशाली हमले के आदेश

गाजा पर कार्रवाई का आदेश खुद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दिया। उन्होंने रक्षा बलों (आईडीएफ) से कहा कि हमास के लगातार संघर्षविराम उल्लंघनों का जवाब अब “तुरंत और शक्तिशाली” तरीके से दिया जाए। रॉयटर्स के अनुसार, गाजा सिटी के उत्तरी भाग में स्थित शिफा अस्पताल के पास बमबारी में दो लोगों की मौत और चार घायल हुए।

हमास-इजरायल आरोपों की जंग

तनाव तब और बढ़ गया जब नेतन्याहू ने दावा किया कि हमास ने अमेरिका की मध्यस्थता वाले समझौते का उल्लंघन किया है। उन्होंने बताया कि रातो-रात लौटाए गए एक बंधक के अवशेष दो साल पहले गाजा में मारे गए इजरायली सैनिक के हैं। इजरायल का कहना है कि यह समझौते की शर्तों का खुला उल्लंघन है।

राफा में भीषण झड़प

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राफा में गोलीबारी के बाद इजरायली सेना ने पलटवार किया। इलाका अब भी तनावपूर्ण है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।

Share.
Exit mobile version