World News: इजराइल ने रविवार देर रात गाजा में कई रिहायशी इलाकों पर हमले किए। इन हमलों में एक स्कूल को भी निशाना बनाया गया है, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई है। स्कूल में आग लगने से लोग जिंदा जल गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह एक किंडरगार्टन स्कूल था, जिसे शरणार्थी शिविर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।

मरने वालों में दो रेडक्रॉस कार्यकर्ता, पत्रकार भी, स्पेन ने इजराइल पर बैन की मांग

मरने वालों में रेड क्रॉस के दो कार्यकर्ता, एक पत्रकार और कई बच्चे शामिल हैं। इनमें गाजा का सबसे कम उम्र का इन्फ्लुएंसर याकीन हम्माद (11) की मौत हो गई है। दूसरी तरफ स्पेन ने दुनिया भर के देशों से इजराइल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। बता दें गाजा पर 23 मई को हुए इजराइली हमले में खान यूनिस की एक महिला डॉक्टर के 9 बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मृत बच्चों की उम्र 7 महीने से 12 साल तक थी। डॉक्टर के पति को भी इस हमले में गंभीर चोटें आई है। इजराइली सेना ने गाजा में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया। इसके तहत 14 से 20 मई तक 670 से ज्यादा हमले किए। जिसमें गाजा के करीब 512 लोग मारे गए थे।

इजराइल ने गाजा पट्टी के 77 फीसदी हिस्से पर कंट्रोल कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह दावा गाजा के सरकारी मीडिया ने किया। उन्होंने इजराइल पर नरसंहार के आरोप लगाते हुए संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। बयान में कहा गया है कि इजराइली सेना ने बफर जोन, सुरक्षा कॉरिडोर और भारी गोलीबारी के जरिए गाजा के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को अपने कब्जे में लिया है।

Share.
Exit mobile version