गुमला /जारी :- जारी प्रखंड क्षेत्र में आमगांव मोड़ से देवीडीह तक बन रही सड़क और पुल-पुलिया निर्माण परियोजना को लेकर विवाद गहराता दिखाई दे रहा है। निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के बाद क्षेत्र में असंतोष बढ़ गया है। इसी क्रम में सांसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जॉय कुजूर ने संयुक्त रूप से निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों नेताओं ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, पुल-पुलिया की मजबूती और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है तथा कई स्थानों पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।

निरीक्षण के बाद सांसद प्रतिनिधि जाकिर अंसारी ने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित विभाग और संवेदक से तत्काल कमियों को दूर करने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जॉय कुजूर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि पहले भी कई बार विरोध दर्ज कराया गया था, लेकिन कार्य की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ऐसे में सड़क और पुल निर्माण की टिकाऊ गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

Share.
Exit mobile version