अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चैनपुर प्रखंड मुख्यालय सहित क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों, आरोग्य मंदिरों तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में योग शिविरों का आयोजन किया गया। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में योग दिवस को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों और बच्चों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर ‘योग करें, निरोग रहें’ का संदेश दिया। प्रखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित योग शिविरों में स्थानीय मुखिया, वार्ड सदस्य एवं ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग शिविरों के दौरान योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। आरोग्य मंदिरों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों तथा सहिया बहनों के नेतृत्व में विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। वहीं प्रखंड के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में भी विशेष योग शिविर लगाए गए। शिक्षकों की देखरेख में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न योगासन, ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। शिक्षकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और बौद्धिक विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। योग दिवस के अवसर पर पूरे चैनपुर प्रखंड में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। लोगों ने स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश प्रसारित किया गया।

Share.
Exit mobile version