Ranchi : जिले में जन्म–मृत्यु निबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से सीआरएस पोर्टल पर आधारित तीन दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन मंगलवार को हुआ। यह प्रशिक्षण 2, 5 और 6 जनवरी 2026 को समाहरणालय के ब्लॉक-बी स्थित कक्ष संख्या 505 में आयोजित किया गया, जिसमें नागरिक निबंधन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त-सह-जिला रजिस्ट्रार (जन्म–मृत्यु) मंजूनाथ भजन्त्री ने दीप प्रज्वलित कर किया था। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जन्म एवं मृत्यु का निबंधन निर्धारित समय सीमा के भीतर, यानी 21 दिनों के अंदर हर हाल में पूरा कराया जाए। उपायुक्त ने कहा कि निबंधन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम नागरिकों को त्वरित व पारदर्शी सेवा मिलनी चाहिए।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला रजिस्ट्रार (जन्म–मृत्यु) शेषनाथ बैठा ने कहा कि यह कार्यक्रम डिजिटल इंडिया की भावना को साकार करने और जन्म–मृत्यु निबंधन में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जन्म–मृत्यु का निबंधन नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनिवार्य है।

Share.
Exit mobile version