Hazaribagh: बिहार में अवैध शराब की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को हजारीबाग पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। बरही थाना क्षेत्र के रसोईया धमना के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से 1190 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की एक क्रेटा कार भी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को 13 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 1190 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही ट्रक के साथ तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की क्रेटा कार को भी अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
