Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम लगातार विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में रविवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र के चामेडीह गांव में की गई कार्रवाई में अवैध विदेशी शराब की खेप बरामद की गई तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चामेडीह क्षेत्र में पश्चिम बंगाल से लाई गई शराब और बियर का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन टीम ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान अधिकारियों ने 50 बोतल हेवर्ड्स बोल्ड (Haywards Bold) बियर बरामद की। जब्त की गई सभी बोतलों पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह खेप पश्चिम बंगाल से अवैध रूप से लाकर झारखंड में खपाने की तैयारी की जा रही थी। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि राज्य सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से शराब तस्करों द्वारा इस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से रंजीत गोप उर्फ पाटिया को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उससे अवैध शराब कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह खेप किसके माध्यम से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version