रांची: झारखंड की राजधानी के प्रतिष्ठित टेंडरहार्ट स्कूल और देश की अग्रणी एड-टेक संस्था फिज़िक्स वाला (PW) ने एक ऐतिहासिक साझेदारी की औपचारिक घोषणा की है। बुधवार को तुपूदाना स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित एक विशेष ‘आशीर्वचन समारोह’ के दौरान दोनों संस्थानों के प्रमुखों ने इस पार्टनरशिप पर मुहर लगाई।

राष्ट्रीय स्तर की तैयारी अब घर के पास

समारोह को संबोधित करते हुए टेंडरहार्ट स्कूल के चेयरमैन सुधीर तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य विद्यालय की उपलब्धियों को राज्य स्तर से आगे ले जाकर राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करना है। उन्होंने घोषणा की कि अब विद्यार्थियों को स्कूल के बाद अलग से कोचिंग के लिए भटकने की जरूरत नहीं होगी। विद्यालय ने बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ IIT, NEET, CLAT और NDA जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों के लिए विशेष स्कॉलरशिप और पुरस्कारों की भी व्यवस्था की है।

एक्सपर्ट फैकल्टी का मिलेगा साथ

फिज़िक्स वाला के नेशनल स्कूल हेड विजय शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि इस पार्टनरशिप का मुख्य उद्देश्य ‘एकेडमिक एक्सीलेंस’ को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिज़िक्स वाला के अनुभवी शिक्षक अब टेंडरहार्ट स्कूल के कैंपस में ही छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे। यहाँ न केवल शैक्षणिक ढांचे को मजबूत किया जाएगा, बल्कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

तैयारी ही सफलता की कुंजी

बोर्ड परीक्षार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए विजय शुक्ला ने अभिभावकों को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “रिजल्ट से कहीं अधिक महत्वपूर्ण परीक्षा की तैयारी और उस दौरान सीखा गया अनुशासन होता है।” विद्यालय की प्राचार्या उषा किरण झा ने भविष्य का रोडमैप साझा करते हुए बताया कि तकनीक और पारंपरिक शिक्षा के इस मेल से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी। इस दौरान सुधांशु अग्रवाल, डॉ. राज सिंह और उप-प्राचार्या शिवांगी शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version