चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर इतवार बाजार क्षेत्र में महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान रीना मछुवा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान आरोपी पति ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि मनोहरपुर बाजार क्षेत्र में एक महिला का शव जमीन पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में वादिनी के फर्दबयान के आधार पर मनोहरपुर थाना कांड संख्या-23/2026 दिनांक 14 मई 2026 को दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम अमित रेनू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जय लकड़ा, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी चरण महली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 35 वर्ष बताई गई है। वह मूल रूप से रनियां थाना क्षेत्र के ईटाम गांव, जिला खूंटी का निवासी है और वर्तमान में मनोहरपुर बाजार में रह रहा था।
गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जय लकड़ा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने अपनी दूसरी पत्नी रीना मछुवा के साथ शराब के नशे में मारपीट की थी। इसी दौरान लात-घूंसे से हमला करने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।



