चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सायतबा गांव के समीप रविवार को सुबह 11:00 बजे हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोइलकेरा प्रखंड के नूगढ़ी निवासी 58 वर्षीय भूतपूर्व सैनिक सुरेंद्र जामुदा के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र सुनील कुमार जामुदा ने बताया कि उनके पिता सुरेंद्र जामुदा अपने भाई के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाकोपसाई गए थे। वहां उनकी गाड़ी में खराबी आने के कारण उसे चाकोपसाई स्थित एक गैरेज में मरम्मत के लिए छोड़ दिया गया था। इसके बाद दोनों भाई वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सायतबा गांव के पास सामने से आ रही एक ओडी कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सुरेंद्र जामुदा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि सुरेंद्र जामुदा भूतपूर्व सैनिक थे और क्षेत्र में उनकी पहचान एक शांत स्वभाव के व्यक्ति के रूप में थी।
