Jamshedpur news : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना पीपल पेड़ के समीप स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने हुई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक एक्सयूवी वाहन (संख्या: DL 7 CU 0406) ने ईंट लदे 407 वाहन (संख्या: JH05BM6103) को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 407 वाहन को काफी दूर तक घसीटते हुए ले जाया गया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस हादसे में एक्सयूवी में सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और एमजीएम थाना पुलिस की तत्परता से दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और किसी प्रकार का जानलेवा खतरा नहीं है।

बताया जा रहा है कि एक्सयूवी वाहन पर डॉक्टर और पुलिस से संबंधित टैग लगे हुए थे, जिसके कारण घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share.
Exit mobile version