Ranchi : कांके रोड पर मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी (रांची) में 28 दिसंबर 2025 से आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव ने मुख्यमंत्री को लीग के आयोजन, व्यवस्थाओं और तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन देश की शीर्ष हॉकी प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें देश-विदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ी भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने झारखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।



