Chaibasa news: चाईबासा रेलवे स्टेशन में स्टेशन के 101 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय चौबे तथा दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया भी मौजूद थे।
महोत्सव को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने सभी रेलकर्मियों और चाईबासा की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चाईबासा रेलवे स्टेशन ने अपने 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह रेलवे लाइन देश के लिए महत्वपूर्ण है और इससे भारत सरकार को अच्छा राजस्व मिलता है, लेकिन इसका अपेक्षित लाभ स्थानीय जनता को नहीं मिल पा रहा है, जो दुखद है। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे चौथी लाइन के लिए जमीन की मांग करता है तो राज्य सरकार सहयोग करने को तैयार है, लेकिन इसके बदले स्थानीय लोगों की तीन पीढ़ियों को रोजगार देने का ठोस आश्वासन होना चाहिए।
डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि यह दिन रेलवे और चाईबासा शहर दोनों के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि चाईबासा स्टेशन का कायाकल्प जल्द होने वाला है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। चौथी रेल लाइन की तैयारी भी चल रही है, जिससे ट्रेनों के आवागमन में और सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर यात्रियों को जो परेशानी हो रही है, उसमें भी जल्द सुधार किया जाएगा।
शताब्दी महोत्सव के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित थे।
इस आयोजन को सफल बनाने में दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर मंडल के अधिकारियों के साथ-साथ चाईबासा स्टेशन प्रबंधक डी. वी. शेखर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



