Guwa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदापि गांव में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक कुदापि गांव निवासी सोमा चोताम्बा (करीब 50 वर्ष), पिता स्वर्गीय सारदा चोताम्बा, साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक काफी तेज गति से और लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोमा चोताम्बा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में सुखराम चोताम्बा नामक एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल को इलाज के लिए नोवामुंडी स्थित टिस्को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



