फॉण्ट कनवर्टर NEW

भारी बारिश का कहर, हिमाचल-उत्तराखंड में 6 मौ’तें; कई राज्यों में आफत

देशभर में मूसलाधार बारिश से हालात गंभीर हो गए हैं; यूपी के 13 जिलों में बाढ़, हिमाचल-उत्तराखंड में भूस्खलन से 6 लोगों की मौत और बिहार में नदी कटाव से स्कूल बह गया।

अपनी भाषा में पढ़ें

New Delhi: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में नदियां उफान पर हैं और शहरी क्षेत्रों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड की अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार में बाढ़ व नदी कटाव से संकट गहरा गया है।

Read more: मूसलाधार बारिश से बोकना पुल डूबा, गुवा-बड़ाजामदा मार्ग प्रभावित

प्रयागराज में जलभराव, रामबाग स्टेशन के ट्रैक डूबे

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया, जिससे घरेलू सामान पूरी तरह डूब गया। स्थिति को देखते हुए जिले में लगातार दूसरे दिन सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया। भारी जलजमाव के कारण रामबाग रेलवे स्टेशन के तीन रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए, जिससे रेल यातायात पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

राज्य के 13 जिलों—बदायूं, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गोंडा, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर, सीतापुर और उन्नाव के 173 गांवों में 84 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्रशासन ने 4,800 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का कहर: सड़कें और पुल बहे

  • हिमाचल प्रदेश: सिरमौर जिले में भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ट्रक चालक और दो नेपाली मजदूर शामिल हैं। राज्य में 88 प्रमुख सड़कें बंद हैं, जिनमें मंडी की 32, कुल्लू की 25 और सिरमौर की 10 सड़कें शामिल हैं।

  • उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल में लैंडस्लाइड से तीन लोगों की जान चली गई। राज्य में 124 सड़कें बंद हैं। पिथौरागढ़ में बीआरओ (BRO) का कुलागाड़ वैली ब्रिज चट्टानें गिरने से काली नदी में समा गया, जिससे कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

बिहार, असम और हरियाणा में भी बिगड़े हालात

बिहार के बगहा में गंडक नदी के भीषण कटाव के कारण एक प्राथमिक विद्यालय के पांच में से चार कमरे नदी में विलीन हो गए। प्रशासन शेष हिस्से को बचाने और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Read more: 14 अगस्त को झारखंड के छह जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

असम के जोनाई में पुल टूटने के कारण बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाना पड़ रहा है। उधर, हरियाणा के पंचकूला में भारी बारिश के बाद घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ गया और नाडा साहिब गुरुद्वारे के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल तेज बहाव में बह गया। मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram