चैनपुर: प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर के समीप रामपुर पंचायत के मुखिया दीपक खलखो और पूर्व उप प्रमुख अनुप संजय टोप्पो के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, हाथापाई और विवाद शुरू करने के आरोप लगाए हैं।
पूर्व उप प्रमुख अनुप संजय टोप्पो ने बताया कि दीपक खलखो उनके छोटे भाई की तरह हैं। उनका आरोप है कि मुखिया उनसे जब भी मिलते हैं, चुनाव के दौरान सहयोग का हवाला देते हुए “खर्चा” मांगते हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो मुखिया ने उनके साथ गाली-गलौज की और हाथापाई की।
संजय टोप्पो ने यह भी आरोप लगाया कि मुखिया अक्सर शराब के नशे में रहते हैं और क्षेत्र के विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय इस तरह के विवादों में उलझे रहते हैं।
वहीं, रामपुर मुखिया दीपक खलखो ने दूरभाष पर बातचीत में इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर विवाद उत्पन्न करने के उद्देश्य से उनके पास आए थे। उनके अनुसार, सामने वाले पक्ष की ओर से शराब की मांग की जा रही थी तथा चुनाव में वोट दिलाने का हवाला देकर बहस शुरू की गई।
मुखिया दीपक खलखो का कहना है कि इसी दौरान उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की गई। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर वे थाने में लिखित आवेदन देने पर विचार कर रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाना में आधिकारिक प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।




