हजारीबाग। शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में बुधवार शाम हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक घटना में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रशासन ने घटना के लगभग 22 घंटे बाद मृतक पति-पत्नी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच) भेज दिया है।
विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के तुरंत बाद से ही जिले के वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस टीम बुधवार की पूरी रात मौके पर मौजूद रही, जिसके लिए प्रशासन ने अस्थायी तौर पर शामियाना और अलाव की व्यवस्था भी कराई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एसएफएसएल) की विशेष टीम बुलाई गई है। इसके साथ ही गुरुवार सुबह झारखंड जगुआर का बम निरोधक दस्ता (बीटी-02) भी घटनास्थल पर पहुंचा। विशेषज्ञों ने मिट्टी के नमूने, मलबे और अन्य संदिग्ध साक्ष्य एकत्र किए हैं।
शुरुआती तौर पर गैस सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस अवैध विस्फोटक या किसी बड़ी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। मृतक सद्दाम के पिता मोहम्मद यूनुस ने बताया कि उनका बेटा पिछले एक वर्ष से किराए के मकान में रह रहा था।
सीसीआर डीएसपी मनोज सिंह ने कहा कि सभी जांच एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं और एसएफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के कारणों की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।



