Giridih: गिरिडीह जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बगोदर थाना क्षेत्र के बेको गांव स्थित बंगाली टोला के पास झाड़ियों में एक युवती का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखे जाने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बगोदर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार शव आंशिक रूप से जला हुआ है, जिससे मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है। प्रारंभिक आकलन में मृतका की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शव एक से दो दिन पुराना हो सकता है, हालांकि सही स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
इस खबर को भी पढ़ें : गिरिडीह शर्मसार: मेले से लौट रही दो नाबालिगों से हैवानियत, पुलिस की छापेमारी!
बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेज दी गई है और हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदा युवतियों के मामलों की भी जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी तरह के साक्ष्य से छेड़छाड़ न हो सके।
अधजला शव मिलने के बाद हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।



