Jamshedpur new: रंगरेटा महासभा की ओर से आगामी 28 और 29 दिसंबर को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में सिरोमणि शहीद बाबा जीवन सिंह एवं चार साहिबजादों का शहीदी दिहाड़ा श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस दो दिवसीय आयोजन में पंजाब, दिल्ली, राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से सिख जत्थों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है।
बुधवार को बिष्टुपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रंगरेटा महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि शहीदी दिहाड़ा कार्यक्रम की शुरुआत 26 दिसंबर से होगी। नामदा बस्ती गुरुद्वारे में सुबह आठ बजे से अखंड पाठ आरंभ किया जाएगा, जिसका समापन 28 दिसंबर को सुबह आठ बजे होगा। अखंड पाठ की समाप्ति के बाद भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो नामदा बस्ती गुरुद्वारे से प्रारंभ होगी। शोभा यात्रा की अगुवाई पंच प्यारे करेंगे, जिसमें स्त्री सभा की महिलाएं शामिल होंगी और सिख युवक पारंपरिक गतका का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि रंगरेटा महासभा पिछले कई वर्षों से बाबा जीवन सिंह का शहीदी दिहाड़ा मनाती आ रही है। पहले उनकी शहादत के बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी थी, लेकिन अब सोशल मीडिया और जागरूकता के कारण अधिक लोग उनके बलिदान से परिचित हो रहे हैं। उन्होंने सिख इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि औरंगजेब द्वारा नवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के बाद बाबा जीवन सिंह ने साहस का परिचय देते हुए चांदनी चौक से गुरु जी का शीश उठाया और सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार की व्यवस्था की।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान देशभर से प्रसिद्ध कीर्तन जत्थे, कथावाचक, ढाड़ी जत्थे और इतिहासकार शामिल होंगे, जो सिख इतिहास, शहादत और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं को संगत के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार, एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में लगातार सात वर्षों से यह आयोजन किया जा रहा है और इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, सेवा और शौर्य की भावना के साथ शहीदों को नमन किया जाएगा।



