Jamshedpur News: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में वृद्धा से पर्स लूटकर भागने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर दबोचा। आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी 23 वर्षीय त्रिलोक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से महिला का पर्स, 40,100 रुपये नकद, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना उस समय हुई जब वृद्धा रीता दत्ता बैंक ऑफ इंडिया, टेल्को शाखा से पैसे निकालकर ऑटो से अपने आवास अपना आंगन सोसाइटी लौट रही थीं। रास्ते में ऑटो धीमा होते ही युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनका पर्स छीना और फरार हो गया।
बैंक से ही कर रहा था पीछा, छापेमारी में धरा गया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बैंक से ही महिला का पीछा कर रहा था। वारदात की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने तुरंत टीम बनाकर जांच का निर्देश दिया। सिटी एसपी और सिटी डीएसपी के नेतृत्व में तातापाथर चौक के पास छापेमारी की गई, जहां से आरोपी त्रिलोक कुमार को पकड़ लिया गया। मौके से पर्स, दस्तावेज और बाइक भी बरामद की गई। पूछताछ में युवक ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
पर्स में थे जरूरी दस्तावेज, पुलिस ने भेजा जेल
रीता दत्ता के पर्स में नकदी के अलावा वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और मोबाइल फोन भी था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और पीड़िता को सभी दस्तावेज सौंप दिए गए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।



