Ranchi : लोक भवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ‘राष्ट्रीय युवा उत्सव–2026’ के लिए चयनित राज्य के प्रतिभागियों से विशेष संवाद किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने युवाओं को आत्मविश्वास, विनम्रता और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि चयनित प्रतिभागी केवल व्यक्तिगत स्तर पर नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की संस्कृति, भावना और प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राज्यपाल ने चयन प्रक्रिया को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि विभिन्न चरणों से गुजरकर इस स्तर तक पहुँचना स्वयं में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने प्रतिभागियों के मेहनत, प्रतिबद्धता और निरंतर अभ्यास की सराहना की तथा उनके प्रशिक्षकों और मार्गदर्शकों के प्रयासों को भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने राष्ट्रीय युवा उत्सव को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विचारों, संस्कारों और संवाद का महत्त्वपूर्ण मंच बताया, जहाँ देशभर के युवा एक-दूसरे से सीखते हैं और विविधता को निकट से समझते हैं। स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने युवाओं से इसे जीवन में उतारने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने प्रतिभागियों से कहा कि वे राष्ट्रीय मंच पर झारखंड के युवा एंबेसडर होंगे और उनका व्यवहार, भाषा और प्रस्तुति राज्य की पहचान तय करेगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए आश्वस्त किया कि विजेता बनकर लौटने पर उनका पुनः लोक भवन में सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने भी प्रतिभागियों को प्रस्तुति के दौरान समय-सीमा, स्लाइड्स और सामग्री पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। 

Share.
Exit mobile version