रांची: झारखंड सरकार ने शब-ए-बारात के पवित्र अवसर पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा सोमवार (03 फरवरी 2026) को जारी अधिसूचना के अनुसार, 04 फरवरी 2026 (बुधवार) को पूरे राज्य में कार्यपालक आदेश के तहत छुट्टी घोषित की गई है।
सरकार के अवर सचिव दिलीप कुमार साह के हस्ताक्षर से जारी इस प्रेस विज्ञप्ति (अधिसूचना संख्या-613) में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों पर प्रभावी होगा। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को भी निर्देश जारी किए हैं ताकि आम जनता तक इसकी जानकारी प्रमुख दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से पहुंचाई जा सके।
गौरतलब है कि पहले से निर्धारित अवकाश कैलेंडर में बदलाव करते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है, जिससे राज्य के कर्मचारियों और आम नागरिकों को त्योहार मनाने की सुविधा मिलेगी। इस आदेश के बाद बुधवार को राज्य सरकार के अधीन आने वाले सभी प्रशासनिक कार्यालय बंद रहेंगे।



