Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य स्थापना दिवस (15 नवंबर 2025) के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु विभिन्न जिलों में प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति की है। इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, राज्य के आठ जिलों में स्थापना दिवस समारोहों में शामिल होने और कार्यक्रमों की निगरानी हेतु मंत्रीगण को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में दीपक बिरुवा, गुमला के लिए चमरा लिंडा, देवघर के लिए हफीजुल हसन, जामताड़ा के लिए डाॅ इरफान अंसारी, गोड्डा के लिए दीपिका पांडेय सिंह, बोकारो के लिए योगेंद्र प्रसाद, गिरिडीह के लिए सुदिव्य कुमार एवं लोहरदगा जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में शिल्पी नेहा तिर्की को नियुक्त किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालयों में आयोजित समारोहों की देखरेख और सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए ये मंत्री अपने-अपने जिले में उपस्थित रहेंगे। मंत्रियों को कार्यक्रमों की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रमों के सुचारू संचालन का निर्देश दिया गया है।
इस निर्णय से राज्य सरकार की मंशा स्पष्ट होती है कि वह स्थापना दिवस को पूरे राज्य में जनोत्सव के रूप में मनाना चाहती है। प्रत्येक जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, खेलकूद और विकास योजनाओं से संबंधित आयोजन होंगे, जिनका उद्देश्य झारखंड की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना है।
राज्य सरकार ने सभी उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को भी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।



