Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मोहनपुर पंचायत के तुरुकडीहा गांव में सोमवार की सुबह एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात के सामने आते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया है। आरोपी पिता की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में की गई है।
Read more: गिरिडीह हादसा: बारात से लौट रही कार के उड़े परखच्चे, युवती समेत 2 की मौ’त
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपनी 12 साल की बेटी पल्लवी कुमारी और 7 साल की दो जुड़वां बेटियों रिद्धि कुमारी व सिद्धि कुमारी पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि इस दर्दनाक घटना को रविवार की देर रात अंजाम दिया गया था, लेकिन सोमवार की सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चियों के शव देखे तब जाकर इस कत्ल का खुलासा हुआ।
Read more: गिरिडीह में झाड़ियों से मिला युवती का अधजला श’व, ह’त्या की आशंका
वारदात की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ (SDPO) जीतबाहन उरांव और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम महतो भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है और तीनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पिता नंदकिशोर यादव को मौके से ही धर दबोचा है।
Read more: गिरिडीह शर्मसार: मेले से लौट रही दो नाबालिगों से हैवानियत, पुलिस की छापेमारी!
सदर एसडीपीओ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती तफ्तीश में हत्या की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इस मामले में पारिवारिक कलह, आरोपी की दिमागी हालत और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और आरोपी से कड़ी पूछताछ के बाद ही इस जघन्य हत्याकांड की असल वजह सामने आ पाएगी। इस खौफनाक वारदात ने पूरे सूबे में मानवता को शर्मसार कर दिया है।



